कांवड़ ड्यूटी को लेकर अग्निशमन विभाग अलर्ट, सीएफओ ने चांदपुर फायर स्टेशन का किया निरीक्षण

बिजनौर। कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क है। उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा के महानिदेशक मुथा अशोक जैन के निर्देश पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने फायर स्टेशन चांदपुर, बिजनौर का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने फायर स्टेशन की व्यवस्थाओं, अग्निशमन उपकरणों तथा कर्मचारियों की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद कर्मचारियों के साथ मासिक गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें कांवड़ ड्यूटी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने सभी अधिकारी एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान अपने-अपने ड्यूटी क्षेत्र में पूरी सतर्कता बरतें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने सभी कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा आग से संबंधित किसी भी घटना की सूचना मिलने पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अग्निशमन विभाग की टीम को कांवड़ यात्रा के मद्देनजर हर समय तैयार रहने पर जोर दिया गया।