बिजनौर में अग्निशमन कर्मियों ने किया साप्ताहिक ड्रिल, फोम टेंडर के उपकरणों की जांच

बिजनौर। अग्निशमन विभाग की तैयारियों को मजबूत करने और आगजनी व आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए मंगलवार को जनपद के सभी अग्निशमन केंद्रों पर साप्ताहिक ड्रिल का आयोजन किया गया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन तथा आपात सेवा, लखनऊ के निर्देशों के अनुपालन में कराई गई।

पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में बिजनौर, नजीबाबाद, नगीना, धामपुर और चांदपुर अग्निशमन केंद्रों पर उपलब्ध सभी अग्निशमन कर्मियों को फॉलिन कर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ड्रिल कराई गई।

ड्रिल के दौरान कर्मियों को फोम टेंडर में उपलब्ध विभिन्न उपकरणों की जानकारी दी गई। सभी उपकरणों की साफ-सफाई और उनकी क्रियाशीलता की जांच की गई। फोम का इस्तेमाल करते समय पंप संचालन की पूरी प्रक्रिया के बारे में कर्मियों को व्यावहारिक जानकारी दी गई।

इसके अलावा फोम टेंडर में रखे हज पाइपों की टेस्टिंग कराई गई तथा अन्य अग्निशमन उपकरणों के प्रयोग और रखरखाव की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि नियमित ड्रिल का उद्देश्य अग्निशमन कर्मियों को हर समय आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखना और उपकरणों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करना है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यह साप्ताहिक ड्रिल लगातार जारी रहेगी।