सावन को लेकर मोटा महादेव मंदिर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की जांच

बिजनौर। सावन माह में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अग्निशमन विभाग की ओर से नजीबाबाद स्थित प्रसिद्ध मोटा महादेव मंदिर के आसपास अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मंदिर परिसर के पास लगे शिविर, पंडाल एवं रेस्टोरेंट में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों को बारीकी से जांचा गया।

अग्निशमन विभाग की टीम ने संबंधित संचालकों एवं कर्मचारियों को आग से बचाव के उपायों तथा आपात स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों का प्रशिक्षण दिया। साथ ही ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों की स्थिति भी जांची गई और उन्हें पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।

एसपी बिजनौर के आदेश से सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सावन माह के दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनके सही संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।