बिजनौर के सभी अग्निशमन केंद्रों पर धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

बिजनौर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर शनिवार को जनपद बिजनौर के सभी अग्निशमन केंद्रों पर राष्ट्रभक्ति और उत्साह के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेशानुसार मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के दिशा-निर्देशन में अग्निशमन केंद्र नगीना, नजीबाबाद, चांदपुर, धामपुर और बिजनौर में कार्यक्रम आयोजित किए गए।

समस्त प्रभारी अग्निशमन केंद्रों द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। इस दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शपथ भी दिलाई गई।

अधिकारियों और कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प लिया। समारोह के समापन पर सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मिष्ठान वितरित कर स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं एवं बधाई दी गई।

इस अवसर पर अग्निशमन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में देशभक्ति का उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम पूरे सम्मान और गरिमापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।