विश्व अर्निस चैंपियनशिप में दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतने वाले विशाल मन्याल का जम्मू मंडल में हुआ सम्मान

विश्व स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करने वाले जम्मू-कश्मीर पुलिस के जवान विशाल मन्याल का शुक्रवार को उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल में भव्य स्वागत और सम्मान किया गया। 18वीं WEKAF विश्व अर्निस चैंपियनशिप-2026 में विशाल मन्याल ने दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर भारत के साथ-साथ जम्मू-कश्मीर का गौरव बढ़ाया है।

नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में 14 से अधिक देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। विशाल मन्याल ने पैडेड स्टिक और नाइफ प्वाइंट स्पर्धा में स्वर्ण पदक तथा लाइव सिंगल स्टिक स्पर्धा में रजत पदक अपने नाम किया। वर्तमान में वह जम्मू-कश्मीर पुलिस में पीएसओ (एसपीओ) के पद पर कार्यरत हैं।

इस अवसर पर जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने विशाल मन्याल को सम्मानित करते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि पूरे जम्मू-कश्मीर और देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि विशाल की मेहनत, अनुशासन और खेल भावना सुरक्षा बलों के जवानों तथा युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।

जम्मू मंडल परिवार ने विशाल मन्याल की इस ऐतिहासिक सफलता पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह उपलब्धि अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा और खिलाड़ियों की प्रतिभा का प्रतीक है।