कटरा-श्रीनगर रेलखंड का सीआरएस ने किया सुरक्षा निरीक्षण, सीनियर डीईएन शुभम पवार सहित अधिकारियों ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

उधमपुर-श्रीनगर-बारामुला रेल लिंक (यूएसबीआरएल) परियोजना के तहत मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) दिनेश चंद देशवाल ने शुक्रवार को श्री माता वैष्णो देवी कटरा से श्रीनगर तक रेलखंड का विस्तृत सुरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान जम्मू मंडल के मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार, सीनियर डीईएन शुभम पवार, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी सहित रेलवे के कई वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी टीम मौजूद रही।

निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने रेलमार्ग, सुरंगों, पुलों, स्टेशनों, सिग्नलिंग प्रणाली, यात्री सुविधाओं तथा आपातकालीन प्रबंधन व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ सुरक्षा मानकों और रेल परिचालन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

मुख्य रेल संरक्षा आयुक्त ने इस महत्वपूर्ण रेलखंड पर किए गए निर्माण कार्यों और सुरक्षा प्रबंधों पर संतोष व्यक्त करते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि सीआरएस द्वारा दिए गए सुझावों का गंभीरता से पालन किया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा में सभी आवश्यक कार्य पूरे कर इस रेलखंड पर यात्री सेवा शुरू करने के लिए रेलवे प्रशासन प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर सीनियर डीईएन शुभम पवार, इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, परियोजना अधिकारी एवं तकनीकी टीम भी मौजूद रही। निरीक्षण के साथ कटरा-श्रीनगर रेलखंड पर यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारियों को और गति मिली है।