जम्मू राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों को बड़ी राहत, 8 से 14 अगस्त तक लगेगा अतिरिक्त थर्ड एसी कोच

जम्मू। यात्रियों की बढ़ती भीड़ और मांग को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने ट्रेन संख्या 12426 जम्मू तवी?नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस में अस्थायी रूप से एक अतिरिक्त थर्ड एसी (3AC) कोच लगाने का निर्णय लिया है। यह सुविधा 8 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक उपलब्ध रहेगी।

रेलवे के अनुसार इस अवधि में जम्मू तवी से नई दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहने की संभावना है। इसे देखते हुए ट्रेन में अतिरिक्त तृतीय श्रेणी वातानुकूलित कोच जोड़ा जाएगा, जिससे अधिक यात्रियों को आरक्षित सीटें उपलब्ध हो सकेंगी और यात्रा पहले से अधिक सुविधाजनक एवं आरामदायक होगी।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपने आरक्षण की स्थिति तथा ट्रेन की नवीनतम कोच संरचना की जानकारी आईआरसीटीसी या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से अवश्य प्राप्त कर लें।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षित यात्रा और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा बढ़ती मांग के अनुसार आवश्यक व्यवस्थाएं लगातार की जा रही हैं।