तकनीकी कार्य के चलते कई ट्रेनें रहेंगी प्रभावित, भागलपुर–अजमेर एक्सप्रेस रद्द, कई ट्रेनों का बदला मार्ग

जयपुर। दानापुर मंडल के दिनकर ग्राम सिमरिया बरौनी रेलखंड पर राजेंद्र पुल, हाथीदा, टॉल और रामपुर डुमरा स्टेशनों के बीच प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग तकनीकी कार्य के चलते कई रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। इस संबंध में उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों के लिए आवश्यक सूचना जारी की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि इस कार्य के कारण भागलपुर अजमेर एक्सप्रेस (13423) 24 सितंबर और 1 अक्टूबर 2026 को अपने प्रारंभिक स्टेशन से रद्द रहेगी। वहीं अजमेर भागलपुर एक्सप्रेस (13424) 26 सितंबर और 3 अक्टूबर 2026 को रद्द रहेगी।

इसके अलावा कई ट्रेनों का संचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। भगत की कोठी कामाख्या एक्सप्रेस (15623) 22 सितंबर को दानापुर पाटलीपुत्र शाहपुर पटोरी बरौनी मार्ग से तथा 29 सितंबर को वाराणसी छपरा शाहपुर पटोरी मार्ग से संचालित होगी।

इसी प्रकार कामाख्या भगत की कोठी एक्सप्रेस (15624) 25 सितंबर और 2 अक्टूबर को बरौनी शाहपुर पटोरी छपरा वाराणसी मार्ग से चलेगी। वहीं गुवाहाटी बीकानेर एक्सप्रेस (15634) 3 अक्टूबर को बरौनी शाहपुर पटोरी छपरा वाराणसी प्रयागराज होते हुए परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएगी।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके। तकनीकी कार्य पूरा होने के बाद रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुचारु बनाया जा सकेगा।