उत्तर पश्चिम रेलवे की बड़ी उपलब्धि: मेड़ता-फुलेरा रेलखंड पर 18.2 किमी ट्रैक नवीनीकरण पूरा, 130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का रास्ता साफ

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने रेल अवसंरचना के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए मेड़ता-फुलेरा रेलखंड पर 18.2 किलोमीटर कम्प्लीट ट्रैक रिन्यूअल (सीटीआर) का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। इस कार्य के बाद रेलखंड पर ट्रेनों की अधिकतम गति 110 किलोमीटर प्रति घंटे से बढ़ाकर 130 किलोमीटर प्रति घंटे करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि कुचामन सिटी-नया खारड़िया तथा कुचामन सिटी-मकराना ब्लॉक सेक्शन में आधुनिक टाइट टॉलरेन्स स्लीपर (आरटी-9007) और उच्च गुणवत्ता वाली रेल सामग्री के साथ ट्रैक का नवीनीकरण किया गया है। इसके साथ ही पूरे मेड़ता-फुलेरा रेलखंड पर 60 किलोग्राम रेल सेक्शन बिछाने का कार्य भी पूर्ण हो गया है।

उन्होंने बताया कि इस उन्नयन से ट्रैक की मजबूती, स्थायित्व और गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही ट्रेनों का संचालन अधिक सुरक्षित, तेज और सुचारु होगा तथा यात्रियों को पहले से अधिक आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार आधुनिक ट्रैक तकनीक के उपयोग से रखरखाव की आवश्यकता कम होगी, परिचालन दक्षता बढ़ेगी और ट्रैक की स्थिरता में भी सुधार होगा। इससे भविष्य में उच्च गति से ट्रेनों के सुरक्षित संचालन का मार्ग और अधिक मजबूत होगा।

डीआरएम अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्य विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से निर्धारित समय में पूरा किया गया है। रेलवे लगातार ट्रैक उन्नयन, सुरक्षा और परिचालन क्षमता बढ़ाने के लिए आधुनिक परियोजनाओं पर कार्य कर रहा है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित, तेज और विश्वस्तरीय रेल यात्रा का लाभ मिल सके। यह उपलब्धि उत्तर पश्चिम रेलवे के आधुनिकीकरण और बेहतर रेल सेवाओं की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।