कारगिल विजय दिवस: जोधपुर मंडल में देशभक्ति का सम्मान, प्रतियोगिताओं के विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

जोधपुर। कारगिल विजय दिवस के उपलक्ष्य में उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रतिभागियों की देशभक्ति, रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के सभा कक्ष में आयोजित काव्य पाठ प्रतियोगिता में प्रदीप कुमार विमल ने प्रथम, रक्षिता मेहता ने द्वितीय तथा नरेंद्र गौड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में कुल 25 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का मूल्यांकन मंडल वाणिज्य प्रबंधक दीपक चौधरी एवं मंडल कार्मिक अधिकारी अमृतलाल मीणा ने किया।

इसके साथ ही आयोजित ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता में लगभग 80 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इसमें ऋषिपाल सिंह चौधरी, पंकज कुमार झा, कैलाश कुमार वर्मा, अतुल शर्मा, शक्तिदान, सुरेश बलाई, कुलदीप बिश्नोई, दिनेश शर्मा, अमित प्रजापत, आशीष खन्ना, पुखराज मेघवाल और डी.आर. सैन ने सबसे कम समय में सही उत्तर देकर विजेताओं में स्थान बनाया।

समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने सभी विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान करते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक लोकेश कुमार सिंह सहित मंडल के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम देश के वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति की भावना को समर्पित रहा।