भगत की कोठी स्टेशन पर यात्रियों को बड़ी सौगात, शुरू हुई डिजिटल लॉकर सुविधा

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देते हुए भगत की कोठी रेलवे स्टेशन पर अत्याधुनिक डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू कर दी है। अब यात्री अपना सामान सुरक्षित लॉकर में रखकर निश्चिंत होकर स्टेशन परिसर में अपने कार्य कर सकेंगे या शहर में बेफिक्र घूम सकेंगे।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि यात्रियों को सुरक्षित, आधुनिक और तकनीक आधारित सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार पर डिजिटल लॉकर लगाए गए हैं। यात्री अपने मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से पंजीकरण कर अपनी आवश्यकता के अनुसार लॉकर चुन सकते हैं। पूरी भुगतान प्रक्रिया ऑनलाइन है, जहां क्यूआर कोड स्कैन करते ही लॉकर सक्रिय हो जाता है और सामान पूरी सुरक्षा के साथ रखा जा सकता है।

रेलवे ने यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मीडियम, लार्ज और एक्स्ट्रा लार्ज आकार के लॉकर उपलब्ध कराए हैं, जिन्हें 6 घंटे या 24 घंटे के लिए बुक किया जा सकता है। यह सुविधा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए बेहद लाभदायक होगी, जिन्हें ट्रेन के आने या जाने के बीच कुछ समय के लिए स्टेशन से बाहर जाना पड़ता है।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार इससे पहले जोधपुर और बाड़मेर रेलवे स्टेशनों पर भी डिजिटल लॉकर सुविधा शुरू की जा चुकी है। अब भगत की कोठी स्टेशन पर यह सुविधा मिलने से यात्रियों को अधिक सुविधा, सुरक्षा और आधुनिक यात्रा अनुभव मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे का यह कदम डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूती देने के साथ-साथ यात्रियों को स्मार्ट, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।