डेगाना को मिलेगी बड़ी सौगात: 37 करोड़ की लागत से बन रहा चांदारूण आरओबी-आरयूबी, निर्माण कार्य तेज

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे डेगाना क्षेत्र के लोगों को बेहतर यातायात सुविधा देने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। चांदारूण लेवल क्रॉसिंग-72 पर लगभग 37 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) और रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) का निर्माण तेज गति से जारी है। रेलवे का लक्ष्य 30 अगस्त तक आरयूबी को यातायात के लिए खोलने और नवंबर 2026 तक पूरे आरओबी का निर्माण एवं कमीशनिंग पूरा करने का है।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि आरयूबी के बॉक्स पहले ही लॉन्च किए जा चुके हैं और एप्रोच रोड का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष सड़क फिनिशिंग, सुरक्षा संबंधी कार्य और अन्य जरूरी काम तेजी से किए जा रहे हैं ताकि निर्धारित समय पर आरयूबी आम जनता के लिए खोल दिया जाए।

उन्होंने बताया कि आरओबी के पियर्स, पीएससी गर्डर लॉन्चिंग, आरई वॉल पैनलों की स्थापना तथा दोनों ओर अर्थ फिलिंग का कार्य पूरा हो चुका है। वर्तमान में कॉपिंग और फ्रिक्शन स्लैब का निर्माण जारी है। रेलवे ट्रैक वाले हिस्से के लिए आवश्यक कम्पोजिट स्टील गर्डर भी साइट पर पहुंच चुके हैं और उनकी लॉन्चिंग के लिए तकनीकी स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

रेलवे के अनुसार परियोजना पूरी होने के बाद डेगाना शहर और आसपास के हजारों लोगों को समपार फाटक पर लगने वाले लंबे जाम से स्थायी राहत मिलेगी। साथ ही सड़क और रेल यातायात अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को भी नई गति मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे ने भरोसा जताया है कि परियोजना की नियमित निगरानी की जा रही है और सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे कर आमजन को आधुनिक एवं सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।