यात्रियों को बड़ी राहत: 49 जोड़ी ट्रेनों में अगस्त भर के लिए 135 अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे

यात्रियों की बढ़ती भीड़ और यात्रा की मांग को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे ने अगस्त माह के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए 49 जोड़ी रेल सेवाओं में विभिन्न श्रेणियों के कुल 135 अतिरिक्त डिब्बे अस्थायी रूप से लगाने की घोषणा की है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि 1 अगस्त से 31 अगस्त 2026 के बीच अलग-अलग तिथियों पर संचालित होने वाली ट्रेनों में फर्स्ट एसी, सेकेंड एसी, थर्ड एसी, थर्ड एसी इकोनॉमी, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के अतिरिक्त कोच जोड़े जाएंगे। इससे यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी और वेटिंग सूची कम करने में मदद मिलेगी।

इस व्यवस्था के तहत जयपुर जोधपुर, अजमेर अमृतसर, अजमेर बांद्रा टर्मिनस, जयपुर उदयपुर सिटी, जोधपुर इंदौर, इंदौर भगत की कोठी, जोधपुर वाराणसी सिटी, अजमेर आगरा फोर्ट, जोधपुर दादर, भगत की कोठी दादर, जैसलमेर साबरमती, श्रीगंगानगर अंबाला, हनुमानगढ़ जयपुर, बीकानेर बांद्रा टर्मिनस, बीकानेर साईंनगर शिर्डी, श्रीगंगानगर तिरुच्चिरापल्ली, दिल्ली जोधपुर, उदयपुर सिटी खजुराहो, जोधपुर दिल्ली तथा हिसार तिरुपति सहित कई प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त डिब्बे लगाए जाएंगे।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रक्षाबंधन सहित अगस्त माह में यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है, जिससे लंबी दूरी और क्षेत्रीय मार्गों पर सफर करने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधा मिल सके।

रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की अद्यतन कोच संरचना और समय की जानकारी अवश्य जांच लें।