भारी बारिश का असर: पश्चिम रेलवे पर जलभराव से कई ट्रेनें रद्द, कई के मार्ग बदले और समय में बदलाव

जयपुर। पश्चिम रेलवे के अमलसाड और बिलीमोरा स्टेशनों के बीच भारी जलभराव के कारण रेल यातायात प्रभावित हो गया है। सुरक्षा के मद्देनजर इस खंड पर ट्रेन संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है, जिसके चलते उत्तर पश्चिम रेलवे की कई ट्रेनें रद्द, आंशिक रूप से रद्द, मार्ग परिवर्तित और रीशेड्यूल की गई हैं।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रभावित ट्रेनों में बांद्रा टर्मिनस?भगत की कोठी एक्सप्रेस (22965), भगत की कोठी?बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (22966), दादर?हनुमानगढ़ एक्सप्रेस (14708), भिवानी?मुंबई सेंट्रल एक्सप्रेस (09002) तथा हडपसर?जोधपुर (20496) और जोधपुर?हडपसर (20495) एक्सप्रेस निर्धारित तिथियों पर पूरी तरह रद्द रहेंगी।

इसके अलावा बांद्रा टर्मिनस?दिल्ली सराय (12216), भिवानी?बांद्रा टर्मिनस (09006), बाड़मेर?बांद्रा टर्मिनस (12998) और बांद्रा टर्मिनस?बाड़मेर (21901) सहित कई ट्रेनें अपने गंतव्य तक न जाकर बीच के स्टेशनों तक ही संचालित होंगी।

रेलवे ने अजमेर?दौंड (20991) और दौंड?अजमेर (20992) एक्सप्रेस के मार्ग में भी बदलाव किया है। ये ट्रेनें निर्धारित मार्ग के बजाय सूरत?पालधी?मनमाड मार्ग से चलाई जाएंगी।

वहीं, मुंबई सेंट्रल?जयपुर एक्सप्रेस (12955) को भी रीशेड्यूल किया गया है। यह ट्रेन 24 जुलाई को अपने निर्धारित समय शाम 7:05 बजे के बजाय 25 जुलाई को रात 12:30 बजे रवाना होगी, यानी लगभग 5 घंटे 25 मिनट की देरी से चलेगी।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की आधिकारिक पूछताछ सेवा या NTES के माध्यम से अवश्य जांच लें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और जलभराव की स्थिति सामान्य होते ही रेल सेवाओं को बहाल करने के प्रयास जारी हैं।