प्रयागराज–वेरावल के बीच चलेगी स्पेशल ट्रेन, 8 फेरों से यात्रियों को मिलेगी राहत

जयपुर। अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज?वेरावल?प्रयागराज स्पेशल रेलसेवा के संचालन की घोषणा की है। यह विशेष ट्रेन कुल 8 ट्रिप संचालित होगी, जिससे उत्तर प्रदेश, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 04173 प्रयागराज?वेरावल स्पेशल 6 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को प्रयागराज से सुबह 10:10 बजे रवाना होगी। ट्रेन रात 11:05 बजे जयपुर पहुंचेगी और 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 6:15 बजे वेरावल पहुंचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04174 वेरावल?प्रयागराज स्पेशल 7 अगस्त से 25 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को रात 10:00 बजे वेरावल से रवाना होगी। यह ट्रेन शनिवार को दोपहर 3:40 बजे जयपुर पहुंचेगी और 3:50 बजे प्रस्थान कर रविवार सुबह 5:50 बजे प्रयागराज पहुंचेगी।

यह विशेष रेलसेवा मार्ग में फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टूंडला, ईदगाह, भरतपुर, बांदीकुई, जयपुर, किशनगढ़, अजमेर, ब्यावर, मारवाड़, फालना, सुमेरपुर, जवाई बांध, आबूरोड, पालनपुर, महेसाना, विरमगाम, सुरेंद्रनगर, थान, वांकानेर, राजकोट, नवागढ़ और जूनागढ़ सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे के अनुसार, इस स्पेशल ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए 1 थर्ड एसी, 10 स्लीपर, 7 सामान्य श्रेणी तथा 2 गार्ड कोच सहित कुल 20 डिब्बे लगाए जाएंगे।

रेलवे का मानना है कि इस विशेष रेलसेवा से सावन, धार्मिक यात्राओं और अवकाश के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी तथा यात्रियों को आरामदायक और सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।