मध्य रेल ने ऑटोमोबाइल लदान में बनाया नया रिकॉर्ड, भिगवण और भुसावल से पहली बार रवाना हुई वाहन रेक

मुंबई। मध्य रेल ने माल परिवहन के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि हासिल करते हुए सोलापुर मंडल के भिगवण मालगोदाम और भुसावल मंडल के भुसावल मालगोदाम से पहली बार ऑटोमोबाइल लदान शुरू किया है। इस पहल से मध्य रेल ने अपने माल परिवहन नेटवर्क का विस्तार करते हुए ग्राहक-केंद्रित लॉजिस्टिक्स सेवाओं को और मजबूत किया है।

सोलापुर मंडल के भिगवण मालगोदाम से 19 जुलाई 2026 को 25 न्यू मॉडिफाइड गुड्स (एनएमजी) वैगनों की पहली रेक में 100 ऑटोमोबाइल लादकर असम के कामरूप स्थित बी.आर. ट्रांसकॉन लिमिटेड गुड्स कार्गो टर्मिनल के लिए रवाना किया गया। इस पहली खेप से मध्य रेल को लगभग 21 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, भिगवण मालगोदाम में पिछले कुछ वर्षों में आधारभूत सुविधाओं का लगातार विकास किया गया है। माल हैंडलिंग लाइन, सर्कुलेटिंग एरिया और एप्रोच रोड के उन्नयन से यहां माल परिवहन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। भविष्य में भिगवण से ऑटोमोबाइल लदान के लिए 26 एनएमजी रेक के इंडेंट पहले ही दर्ज किए जा चुके हैं, जिससे प्रत्येक रेक से 16 से 22 लाख रुपये तक की आय होने की संभावना है।

वहीं, भुसावल मंडल ने भी 24 जुलाई 2026 को पहली बार भुसावल मालगोदाम से 25 एनएमजी वैगनों में 100 ऑटोमोबाइल लादकर दक्षिण पश्चिम रेलवे के बेंगलुरु मंडल स्थित निदवंडा के लिए रवाना किए। इस रेक से 14.82 लाख रुपये का मालभाड़ा राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे का कहना है कि यह पहल जुलाई 2027 में प्रस्तावित सिंहस्थ कुंभ मेला, नासिक की तैयारियों के मद्देनजर ऑटोमोबाइल परिवहन को रेल की ओर आकर्षित करने और माल यातायात बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। यह सफलता मध्य रेल की बिजनेस डेवलपमेंट यूनिट के निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।