मुलुंड स्टेशन पर फुटओवर ब्रिज निर्माण के लिए विशेष ब्लॉक, दो लोकल ट्रेनें रहेंगी रद्द

मुंबई। मध्य रेल ने मुलुंड स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए बनाए जा रहे 6 मीटर चौड़े फुटओवर ब्रिज (एफओबी) के गर्डर लॉन्च करने के लिए 25/26 जुलाई की मध्यरात्रि विशेष यातायात और पावर ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार, 250 मीट्रिक टन क्षमता वाली क्रेन की सहायता से प्लेटफॉर्म 1, 2/3 और 4 के बीच एफओबी के दो स्पैन स्थापित किए जाएंगे। इस कार्य के लिए 25/26 जुलाई की रात विशेष ब्लॉक रहेगा।

ब्लॉक के दौरान अप और डाउन स्लो लाइन पर रात 1:10 बजे से 3:40 बजे तक तथा अप और डाउन फास्ट लाइन पर रात 1:10 बजे से 2:10 बजे तक यातायात प्रभावित रहेगा। यह ब्लॉक मुलुंड से ठाणे के बीच अप एवं डाउन स्लो और फास्ट लाइनों पर लागू होगा।

इस दौरान उपनगरीय रेल सेवाओं पर भी असर पड़ेगा। 25 जुलाई को रात 12:24 बजे छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से चलने वाली सीएसएमटी?ठाणे लोकल (टी-1) तथा 26 जुलाई को सुबह 4:04 बजे ठाणे से सीएसएमटी जाने वाली लोकल (टी-2) रद्द रहेंगी।

मध्य रेल ने बताया कि यह विशेष ब्लॉक रेलवे अवसंरचना को मजबूत बनाने और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लिया जा रहा है। यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित समय-सारणी का ध्यान रखने और रेलवे का सहयोग करने की अपील की गई है।