25 जुलाई की रात मुंबई पीआरएस रहेगा बंद, कुछ घंटों के लिए ऑनलाइन टिकट बुकिंग और आरक्षण सेवाएं प्रभावित

मुंबई। मध्य रेल ने यात्रियों को सूचित किया है कि स्टैटिक एवं डायनेमिक फाइलों के कंप्रेशन कार्य के चलते मुंबई यात्री आरक्षण प्रणाली (पीआरएस) को अस्थायी रूप से बंद रखा जाएगा। यह कार्य 25 जुलाई 2026 की रात 11:45 बजे से 26 जुलाई 2026 की सुबह 3:15 बजे तक किया जाएगा।

रेलवे के अनुसार, इस अवधि में पीआरएस सेवाएं, कोचिंग रिफंड सेवाएं, करंट आरक्षण, आईवीआरएस, चार्ट डिस्प्ले, टच स्क्रीन, रिफंड काउंटर और कोचिंग रिफंड टर्मिनल जैसी सेवाएं उपलब्ध नहीं रहेंगी। इसके अलावा, मुंबई पीआरएस से संबंधित ट्रेनों की इंटरनेट टिकट बुकिंग भी अस्थायी रूप से बंद रहेगी।

हालांकि, रेलवे ने स्पष्ट किया है कि प्रचलित नियमों के अनुसार टिकट जमा रसीद (टीडीआर) जारी करने की सुविधा इस दौरान भी उपलब्ध रहेगी।

मध्य रेल ने यात्रियों और रेल उपयोगकर्ताओं से अनुरोध किया है कि इस निर्धारित अनुरक्षण कार्य के दौरान सहयोग और धैर्य बनाए रखें। रेलवे का कहना है कि यह तकनीकी कार्य आरक्षण प्रणाली को अधिक सुचारु, सुरक्षित और बेहतर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है।