26 जुलाई को मध्य रेल का मेगा ब्लॉक: कई लोकल सेवाएं रद्द, मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों का बदलेगा मार्ग

मुंबई। मध्य रेल के मुंबई मंडल में रविवार, 26 जुलाई 2026 को इंजीनियरिंग और रखरखाव कार्यों के लिए मेगा ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते मेन लाइन और ट्रांस-हार्बर लाइन की कई लोकल ट्रेनें प्रभावित रहेंगी, जबकि कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का मार्ग भी बदला जाएगा।

रेलवे के अनुसार ठाणे और कल्याण के बीच अप एवं डाउन फास्ट लाइन पर सुबह 10:40 बजे से दोपहर 3:40 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) से चलने वाली डाउन फास्ट और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनों को ठाणे और कल्याण के बीच स्लो लाइन पर चलाया जाएगा। ये ट्रेनें कालवा, मुंब्रा और दिवा स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव लेंगी तथा अपने गंतव्य पर लगभग 10 मिनट की देरी से पहुंचेंगी।

इसी तरह कल्याण से सीएसएमटी की ओर जाने वाली अप फास्ट और सेमी फास्ट लोकल ट्रेनें भी स्लो लाइन से संचालित होंगी और अतिरिक्त स्टेशनों पर रुकते हुए लगभग 10 मिनट विलंब से चलेंगी।

मेगा ब्लॉक के दौरान सीएसएमटी/दादर से रवाना होने वाली डाउन मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें ठाणे और कल्याण के बीच पांचवीं लाइन से चलाई जाएंगी, जबकि सीएसएमटी/दादर आने वाली अप मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों को छठी लाइन से संचालित किया जाएगा।

ट्रांस-हार्बर लाइन पर सेवाएं रहेंगी पूरी तरह बंद

रेलवे के अनुसार ठाणे और वाशी/नेरुल के बीच ट्रांस-हार्बर लाइन पर सुबह 11:10 बजे से शाम 4:10 बजे तक मेगा ब्लॉक रहेगा। इस दौरान ठाणे-वाशी-नेरुल-पनवेल के बीच अप और डाउन दिशा की सभी ट्रांस-हार्बर लोकल सेवाएं निलंबित रहेंगी।

ठाणे से वाशी/नेरुल/पनवेल जाने वाली लोकल ट्रेनें सुबह 10:35 बजे से शाम 4:07 बजे तक रद्द रहेंगी।

पनवेल/नेरुल/वाशी से ठाणे आने वाली लोकल ट्रेनें सुबह 10:25 बजे से शाम 4:09 बजे तक रद्द रहेंगी।

मध्य रेल ने बताया कि यह मेगा ब्लॉक रेलवे अवसंरचना के रखरखाव और सुरक्षित रेल संचालन के लिए आवश्यक है। यात्रियों से यात्रा की योजना बनाते समय संशोधित समय-सारणी का ध्यान रखने और होने वाली असुविधा के लिए सहयोग करने की अपील की गई है।