अजमेर मंडल में राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन, कर्मचारियों ने उत्साह से लिया भाग

अजमेर। रेल कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा देने तथा हिंदीमय कार्य वातावरण को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अजमेर मंडल कार्यालय में गुरुवार को राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता रेल मंत्रालय के निर्देशों के तहत आयोजित की गई।

प्रतियोगिता का आयोजन मंडल के अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी विजेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में हुआ, जिसमें मंडल कार्यालय के साथ-साथ विभिन्न रेलवे स्टेशनों के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर हिंदी के प्रति अपनी रुचि और ज्ञान का परिचय दिया।

कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी हरिकेश मीना ने किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों के नाम अब क्षेत्रीय स्तर की राजभाषा हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के लिए भेजे जाएंगे।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देते हैं, बल्कि कार्यालयों में राजभाषा के प्रति जागरूकता और आत्मीयता भी बढ़ाते हैं। ऐसे कार्यक्रम कर्मचारियों को हिंदी में अधिकाधिक कार्य करने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।