अजमेर मंडल की सख्ती से धूम्रपान पर लगाम, यात्रियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ रेल सफर की पहल

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने ट्रेनों और स्टेशन परिसरों को धूम्रपान मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी अभियान चलाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इस अभियान का उद्देश्य यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और आरामदायक यात्रा वातावरण उपलब्ध कराना है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि 1 से 19 जुलाई 2026 के बीच अजमेर मंडल के अजमेर?मारवाड़ जंक्शन, आबू रोड, उदयपुर सहित विभिन्न स्टेशनों और ट्रेनों में औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान धूम्रपान के 73 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 65 मामले ट्रेनों और 8 मामले स्टेशन परिसरों से संबंधित रहे।

अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों से कुल 1.46 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें ट्रेनों में 1.30 लाख रुपये और स्टेशन परिसरों में 16 हजार रुपये का जुर्माना शामिल है। वहीं, 15 जुलाई को सबसे अधिक कार्रवाई करते हुए 10 मामलों में 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

रेलवे प्रशासन ने कहा कि ट्रेनों और स्टेशन परिसरों में धूम्रपान भारतीय रेल अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। इससे न केवल अन्य यात्रियों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, बल्कि आग लगने जैसी गंभीर घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है।

अजमेर मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे रेलवे परिसर को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में सहयोग करें तथा हमेशा नियमों का पालन करें। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा और बेहतर यात्रा अनुभव सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।