मिट्टी कटाव से रेल यातायात प्रभावित, अजमेर–बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस आंशिक रद्द

जयपुर। पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल में उदवाडा पारडी स्टेशनों के बीच भारी बारिश के कारण हुए मिट्टी कटाव से रेल यातायात प्रभावित हुआ है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने अजमेर?बांद्रा टर्मिनस?अजमेर एक्सप्रेस के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार, गाड़ी संख्या 12996 अजमेर बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, जो 21 जुलाई 2026 को अजमेर से रवाना हुई थी, अब केवल वलसाड तक ही संचालित होगी। इसके चलते यह ट्रेन वलसाड से बांद्रा टर्मिनस के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 12995 बांद्रा टर्मिनस अजमेर एक्सप्रेस 22 जुलाई 2026 को अपने निर्धारित प्रारंभिक स्टेशन बांद्रा टर्मिनस के बजाय वलसाड से रवाना होगी। इस कारण यह ट्रेन बांद्रा टर्मिनस से वलसाड के बीच आंशिक रूप से रद्द रहेगी।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि प्रभावित रेलखंड पर मिट्टी कटाव के बाद बहाली का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति और समय की जानकारी रेलवे के आधिकारिक माध्यमों से अवश्य प्राप्त कर लें। रेलवे का उद्देश्य आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कर जल्द से जल्द रेल सेवाओं को सामान्य करना है।