अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पुनर्विकास: डीआरएम ने दक्षिण एलिवेटेड रोड परियोजना का किया निरीक्षण

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने रविवार को अहमदाबाद रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्यों के तहत निर्माणाधीन दक्षिण एलिवेटेड रोड परियोजना का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सारंगपुर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) से प्रस्तावित कनेक्टिविटी के निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्ता व समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि दक्षिण एलिवेटेड रोड परियोजना के अंतर्गत पियर संख्या 42 से 51 तक कुल 10 पोर्टल पियर बनाए जा रहे हैं। इनमें पियर संख्या 42, 43, 47, 48, 49, 50 और 51 के दाहिने हिस्से (राइट लेग) का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पियर संख्या 44 के दाहिने हिस्से के लिए पाइलिंग कार्य प्रगति पर है।

इसके अलावा, दक्षिण ड्रॉप-ऑफ क्षेत्र में प्रस्तावित 17 पियरों में से 4 का निर्माण पूरा हो चुका है और शेष कार्य निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तेजी से आगे बढ़ रहा है।

डीआरएम वेद प्रकाश ने कहा कि दक्षिण एलिवेटेड रोड और सारंगपुर आरओबी की कनेक्टिविटी पूरी होने के बाद अहमदाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक होगी। उन्होंने परियोजना से जुड़े अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों और तय समय-सीमा का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

पश्चिम रेलवे के अनुसार, अहमदाबाद स्टेशन पुनर्विकास परियोजना शहर की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं में शामिल है और इसे निर्धारित समय में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के लिए निर्माण कार्य तेजी से जारी है।