अहमदाबाद मंडल में मेगा वृक्षारोपण अभियान, 8 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य

अहमदाबाद मंडल में मेगा वृक्षारोपण अभियान, 8 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य

अहमदाबाद। पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल ने गुजरात सरकार के राज्यव्यापी मेगा वृक्षारोपण अभियान के तहत बड़े स्तर पर पौधारोपण शुरू किया है। अभियान के तहत साणंद स्थित रेलवे भूमि पर पहले चरण में 2 लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं, जबकि मंडल के 10 प्रमुख रेलवे स्थलों पर कुल 8 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश ने बताया कि गुजरात वन एवं पर्यावरण विभाग के सहयोग से 'वन कवच योजना' के अंतर्गत साणंद यार्ड?डीएफसी लाइन के बीच 1.20 लाख वर्गमीटर रेलवे भूमि पर कुल 4 लाख पौधे लगाए जाएंगे। पहले चरण में 2 लाख से अधिक पौधों का रोपण पूरा हो चुका है, जबकि शेष पौधों का रोपण आगामी चरणों में किया जाएगा।

इस अवसर पर डीआरएम वेद प्रकाश, वन विभाग की डॉ. मीनल जानी, एसीएफ रूचि दवे सहित रेलवे एवं वन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान हरित आवरण बढ़ाने, जैव विविधता संरक्षण और सतत विकास को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

यह अभियान गुजरात सरकार के राज्यव्यापी मेगा वृक्षारोपण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें पूरे राज्य में एक ही दिन में 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। रेलवे प्रशासन और वन विभाग ने नागरिकों से भी पौधारोपण के साथ लगाए गए पौधों के संरक्षण में सक्रिय सहयोग की अपील की है।