वडोदरा स्टेशन के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम, 11 से 13 जुलाई तक कुछ ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

वडोदरा स्टेशन के आधुनिकीकरण की दिशा में बड़ा कदम, 11 से 13 जुलाई तक कुछ ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

वडोदरा। पश्चिम रेलवे ने वडोदरा स्टेशन के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए व्यापक सिग्नलिंग अपग्रेडेशन और यार्ड री-मॉडलिंग का कार्य लगभग पूरा कर लिया है। इसी क्रम में पोस्ट नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के लिए 11 से 13 जुलाई 2026 तक ब्लॉक लिया गया है, जिसके चलते कुछ ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है।

रेलवे के अनुसार इस अवधि में कुछ ट्रेनों को बाजवा स्टेशन से शॉर्ट ओरिजिनेट तथा बाजवा स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। इनमें अहमदाबाद-वडोदरा इंटरसिटी एक्सप्रेस, वडोदरा-अहमदाबाद इंटरसिटी एक्सप्रेस, वडोदरा-जामनगर इंटरसिटी, जामनगर-वडोदरा ट्रेन सहित कई मेमू और पैसेंजर ट्रेनें शामिल हैं। वहीं वडोदरा-वटवा पैसेंजर ट्रेन प्रतापनगर स्टेशन से संचालित होगी।

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह बदलाव केवल तीन दिनों के लिए है और इसका उद्देश्य वडोदरा स्टेशन पर अत्याधुनिक रेल अवसंरचना विकसित करना है। कार्य पूरा होने के बाद यात्रियों को अधिक सुरक्षित, तेज और सुगम रेल संचालन का लाभ मिलेगा।

यात्रियों से अपील की गई है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की नवीनतम स्थिति रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट, मोबाइल ऐप या हेल्पलाइन के माध्यम से अवश्य जांच लें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।