बेचराजी रेलखंड पर 120 किमी/घंटा की सफल स्पीड ट्रायल, जल्द दौड़ेंगी यात्री ट्रेनें

अहमदाबाद। पश्चिम रेलवे के अहमदाबाद मंडल के कटोसण रोड?बेचराजी?रणुज (63 किमी) ब्रॉडगेज रेलखंड पर शनिवार को पहली बार 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। तीन दिवसीय संरक्षा निरीक्षण के अंतिम दिन हुए इस ट्रायल के सफल रहने के बाद अंतिम संरक्षा स्वीकृति मिलते ही इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

रेल संरक्षा आयुक्त (पश्चिम सर्कल) ई. श्रीनिवास ने 9 से 11 जुलाई तक पूरे रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान ट्रैक, सिग्नल एवं दूरसंचार प्रणाली, पुल, ओवरहेड विद्युत (ओएचई), इंटरलॉकिंग और अन्य सभी सुरक्षा मानकों की गहन जांच की गई। निरीक्षण में मंडल रेल प्रबंधक वेद प्रकाश सहित भारतीय रेल और जी-राइड के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से तैयार कटोसण रोड?बेचराजी?रणुज गेज परिवर्तन परियोजना के तहत 14 रेलवे स्टेशन, 9 बड़े पुल, 100 छोटे पुल, 47 रोड अंडर ब्रिज/लिमिटेड हाइट सब-वे और 16 कर्व विकसित किए गए हैं।

रेलवे के अनुसार इस परियोजना से गुजरात के प्रसिद्ध बहुचर माता मंदिर तक श्रद्धालुओं की पहुंच आसान होगी। साथ ही महेसाणा और पाटण जिलों के बेचराजी, खांभेल और चाणसमा जैसे क्षेत्रों को आधुनिक रेल संपर्क मिलने से पर्यटन, व्यापार, उद्योग और स्थानीय परिवहन को नई गति मिलेगी। रेलवे का कहना है कि अंतिम सुरक्षा स्वीकृति मिलने के बाद इस रेलखंड पर यात्री सेवाएं जल्द शुरू कर दी जाएंगी।