यात्रियों को राहत: पश्चिम रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरे बढ़ाए

अहमदाबाद। यात्रियों की सुविधा और बढ़ती मांग को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने तीन जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के फेरों का विस्तार करने का निर्णय लिया है। इसके तहत गांधीग्राम-प्रयागराज, असारवा-कानपुर सेंट्रल और असारवा?आगरा कैंट स्पेशल ट्रेनों का संचालन निर्धारित अवधि से आगे भी जारी रहेगा।

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04112 गांधीग्राम-प्रयागराज स्पेशल का संचालन अब 30 अगस्त 2026 तक किया जाएगा, जबकि ट्रेन संख्या 04111 प्रयागराज-गांधीग्राम स्पेशल 29 अगस्त 2026 तक चलेगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 01906 असारवा-कानपुर सेंट्रल स्पेशल को 1 सितंबर 2026 तक तथा ट्रेन संख्या 01905 कानपुर सेंट्रल-असारवा स्पेशल को 31 अगस्त 2026 तक विस्तारित किया गया है।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 01909 असारवा-आगरा कैंट स्पेशल का संचालन 1 सितंबर 2026 तक और ट्रेन संख्या 01910 आगरा कैंट-असारवा स्पेशल का संचालन 31 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा।

रेलवे ने बताया कि ट्रेन संख्या 04112, 01906 और 01909 के विस्तारित फेरों के लिए 12 जुलाई 2026 से सभी पीआरएस आरक्षण काउंटरों और आईआरसीटीसी के माध्यम से टिकटों की बुकिंग शुरू होगी।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेनों के समय, ठहराव और कोच संरचना संबंधी नवीनतम जानकारी रेलवे के आधिकारिक पूछताछ पोर्टल से अवश्य प्राप्त कर लें।