'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत बिजनौर के सभी फायर स्टेशन पर हुआ वृक्षारोपण

बिजनौर। शासन के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत रविवार को बिजनौर के सभी फायर स्टेशन परिसर में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिलाधिकारी जसजीत कौर के आदेश से मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पांडेय के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में फायर स्टेशन के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बेल, नीम, जामुन, कटहल, रात की रानी और करोंदा सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए।

इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया। अग्निशमन विभाग ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का संदेश देते हुए आमजन से भी इस अभियान में सहभागिता की अपील की।