बिजनौर के सभी अग्निशमन केंद्रों पर मॉक ड्रिल, उपकरणों की जांच और सफाई अभियान

बिजनौर। उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय के निर्देशों के अनुपालन में मंगलवार को जनपद बिजनौर के सभी अग्निशमन केंद्रों पर व्यापक मॉक ड्रिल, उपकरणों की जांच और साफ-सफाई अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बिजनौर के आदेश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में आयोजित किया गया।

अभियान के दौरान अग्निशमन केंद्र बिजनौर, नजीबाबाद, धामपुर, चांदपुर और नगीना में उपलब्ध सभी अग्निशमन कर्मियों की फाल-इन कराई गई। इसके बाद फायर टेंडर, वाटर टेंडर तथा उनसे संबंधित सभी अग्निशमन उपकरणों की साफ-सफाई और क्रियाशीलता की बारीकी से जांच की गई।

मॉक ड्रिल के दौरान अग्निशमन कर्मियों को प्रत्येक उपकरण का नाम, क्षमता, उपयोग की विधि तथा आपातकालीन परिस्थितियों में उनके प्रभावी संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। सभी कर्मियों को क्रमवार फायर टेंडर एवं अन्य उपकरणों के संचालन का अभ्यास भी कराया गया, जिससे किसी भी अग्निकांड या आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

इसके अलावा अग्निशमन केंद्र परिसर, वॉच रूम, गैराज एवं अन्य कार्यालयों में विशेष सफाई अभियान चलाकर परिसर को व्यवस्थित किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने बताया कि मुख्यालय के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार और शुक्रवार को इस प्रकार की मॉक ड्रिल, उपकरणों की क्रियाशीलता की जांच तथा प्रशिक्षण कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं, ताकि अग्निशमन वाहनों और उपकरणों को हर समय तैयार रखा जा सके तथा कर्मचारियों की कार्यकुशलता और शारीरिक दक्षता बनी रहे।