बिजनौर में अस्पतालों और नर्सिंग होम का फायर ऑडिट, 140 लोगों को किया जागरूक

बिजनौर में अस्पतालों और नर्सिंग होम का फायर ऑडिट, 140 लोगों को किया जागरूक

बिजनौर। जनपद में अस्पतालों और नर्सिंग होम की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए मंगलवार को विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस उपमहानिरीक्षक, अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय, लखनऊ के निर्देश पर स्कीम संख्या-03 के तहत मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में 10 अस्पतालों और नर्सिंग होम का फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान बिजनौर, शेरकोट, नूरपुर, चांदपुर और नगीना स्थित अस्पतालों एवं नर्सिंग होम में अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकासी व्यवस्था (इवैक्यूएशन) तथा सुरक्षा मानकों की जांच की गई। इस दौरान अस्पताल संचालकों, चिकित्सकों, स्टाफ और आम लोगों सहित 140 व्यक्तियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय ने निर्देश दिए कि सभी अस्पताल अपने अग्निशमन उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखें और उनका नियमित अनुरक्षण कराएं। साथ ही कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया, मरीजों की सुरक्षित निकासी और प्राथमिक अग्निशमन उपायों का प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अस्पताल संबंधी किसी भी गतिविधि का संचालन बेसमेंट में न किया जाए।

अग्निशमन विभाग ने कहा कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे ताकि अस्पतालों में आग जैसी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके और जनहानि की संभावना को न्यूनतम किया जा सके।