प्रयागराज मंडल के सांसदों के साथ उत्तर मध्य रेलवे की बैठक, रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर हुई चर्चा

प्रयागराज मंडल के सांसदों के साथ उत्तर मध्य रेलवे की बैठक, रेल विकास और यात्री सुविधाओं पर हुई चर्चा

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने शुक्रवार को प्रयागराज के होटल कान्हा श्याम में प्रयागराज मंडल क्षेत्र के सांसदों और उनके प्रतिनिधियों के साथ उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक की अध्यक्षता अलीगढ़ के सांसद सतीश कुमार गौतम ने की। इस दौरान रेलवे की उपलब्धियों, विकास कार्यों और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा हुई तथा जनप्रतिनिधियों से सुझाव लिए गए।

महाप्रबंधक ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 में प्रयागराज मंडल ने लगभग 7.40 करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान की, जिससे 1,699 करोड़ रुपये की यात्री आय और 893 करोड़ रुपये की माल आय प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रयागराज?दादरी स्पेशल ट्रेन शुरू की गई है। इसके अलावा 14,127 विशेष ट्रिप संचालित किए गए, 24 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाई गईं, 18 जोड़ी नई ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ तथा चार जोड़ी मेमू ट्रेनों को 8 कोच से बढ़ाकर 12 कोच किया गया।

बैठक में बताया गया कि प्रयागराज जंक्शन और कानपुर सेंट्रल का स्टेशन पुनर्विकास कार्य जारी है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मंडल के 15 स्टेशनों में से पांच का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य इस वित्तीय वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं 28 किलोमीटर नई रेल लाइन बिछाई गई, 25.18 किलोमीटर पर ऑटोमैटिक सिग्नलिंग शुरू की गई और 400 किलोमीटर रेलखंड पर 'कवच' प्रणाली का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया।

बैठक में सांसदों ने नई ट्रेनों के संचालन, विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव, स्टेशन पुनर्विकास, यात्री सुविधाओं के विस्तार, सफाई, सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, रोड ओवरब्रिज और अंडरब्रिज निर्माण सहित कई जनहित से जुड़े सुझाव दिए। महाप्रबंधक ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें रेलवे की विकास योजनाओं में शामिल करने का भरोसा दिलाया।

बैठक में प्रयागराज मंडल के मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल, उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के प्रधान विभागाध्यक्ष, मंडल के वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के सांसद एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे।