प्रयागराज मंडल में शीरत फातिमा बनीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में शीरत फातिमा ने 9 जुलाई 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक/फ्रेट का कार्यभार ग्रहण कर लिया। यह पद अतुल यादव के स्थानांतरण के बाद रिक्त हुआ था।

कार्यभार संभालने से पहले फातिमा मंडल परिचालन प्रबंधक/कोचिंग के पद पर कार्यरत थीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने परिचालन, संरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े विभिन्न दायित्वों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया तथा अपनी प्रशासनिक दक्षता और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया।

शीरत फातिमा ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से सांख्यिकी में परास्नातक किया है। वह भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) की वर्ष 2017 बैच की अधिकारी हैं। वर्ष 2021 में उन्होंने पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में सहायक मंडल परिचालन प्रबंधक (स्टील प्लानिंग) के रूप में रेलवे सेवा की शुरुआत की। बाद में उनका स्थानांतरण उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में सहायक मंडल संरक्षा अधिकारी के रूप में हुआ। वर्ष 2022 से वह मंडल परिचालन प्रबंधक/कोचिंग के पद पर कार्यरत रहीं।

महाकुंभ-2025 के दौरान विशेष ट्रेनों की योजना एवं सफल परिचालन में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें वर्ष 2025 में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक द्वारा "विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार" से भी सम्मानित किया जा चुका है।