जून में प्रयागराज मंडल ने रचा नया रिकॉर्ड, वाणिज्यिक आय ₹258.38 करोड़ पहुंची

जून में प्रयागराज मंडल ने रचा नया रिकॉर्ड, वाणिज्यिक आय ₹258.38 करोड़ पहुंची

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने जून 2026 में वाणिज्यिक आय के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने जून माह में ₹258.38 करोड़ की कुल वाणिज्यिक आय अर्जित की, जो जून 2025 की तुलना में 16.78 प्रतिशत अधिक है। यह आय निर्धारित लक्ष्य से भी 6.94 प्रतिशत अधिक रही।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) अतुल यादव के निर्देशन में यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजस्व बढ़ाने के लिए विभिन्न वाणिज्यिक अभियान चलाए जा रहे हैं।

माल ढुलाई के क्षेत्र में मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ₹81.09 करोड़ की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 32.48 प्रतिशत अधिक तथा लक्ष्य से 4.96 प्रतिशत ज्यादा है। यह उपलब्धि प्रभावी फ्रेट लोडिंग और बिजनेस डेवलपमेंट गतिविधियों का परिणाम मानी जा रही है।

गैर-किराया आय (नॉन-फेयर रेवेन्यू) में भी मंडल ने नया रिकॉर्ड बनाया। विविध स्रोतों से ₹5.34 करोड़ की आय हुई, जो पिछले वर्ष से 60.36 प्रतिशत अधिक और अब तक की सर्वाधिक मासिक आय है। वहीं कैटरिंग से ₹3.25 करोड़ की आय हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 77.13 प्रतिशत अधिक तथा लक्ष्य से 36.75 प्रतिशत ज्यादा रही। यह भी मंडल की अब तक की सबसे अधिक मासिक कैटरिंग आय है।

इसके अलावा पार्किंग अनुबंधों से ₹44 लाख की आय हुई, जो पिछले वर्ष से 66.26 प्रतिशत अधिक रही। कमर्शियल पब्लिसिटी से ₹80 लाख की आय अर्जित की गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 43.68 प्रतिशत अधिक है।

रेल प्रशासन के अनुसार, यह उपलब्धि बेहतर यात्री सुविधाओं, प्रभावी टिकट जांच अभियान, माल ढुलाई में वृद्धि और गैर-किराया आय के नए स्रोत विकसित करने के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। प्रयागराज मंडल ने भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के विस्तार, व्यापारिक अवसरों को बढ़ाने और राजस्व में निरंतर वृद्धि के लिए इसी तरह कार्य करते रहने का संकल्प व्यक्त किया है।