डॉ. शिवम शर्मा बने उत्तर मध्य रेलवे के नए मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, संभाला कार्यभार

प्रयागराज। भारतीय रेलवे यातायात सेवा (आईआरटीएस) के वर्ष 2011 बैच के अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने उत्तर मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) का कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने यह जिम्मेदारी श्री शशिकांत त्रिपाठी के मुख्य यातायात योजना प्रबंधक के पद पर पदोन्नत होने के बाद संभाली है।

डॉ. शिवम शर्मा इससे पहले प्रयागराज मंडल में वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक के पद पर कार्यरत थे। उल्लेखनीय है कि मुख्य जनसंपर्क अधिकारी के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल है। इससे पहले भी वर्ष 2021-22 के दौरान उन्होंने इस पद पर सफलतापूर्वक अपनी सेवाएं दी थीं।

रेलवे प्रशासन में डॉ. शर्मा का व्यापक अनुभव रहा है। उन्होंने वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक, उप मुख्य दावा अधिकारी तथा मंडल ट्रैफिक मैनेजर, टूंडला जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। उप मुख्य दावा अधिकारी के रूप में उन्होंने प्रयागराज में रेलवे दावा अधिकरण की पीठ स्थापित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए उन्हें अधिकरण की प्रधान पीठ के अध्यक्ष द्वारा सम्मानित भी किया गया।

रेलवे के अलावा डॉ. शर्मा ने प्रतिनियुक्ति पर भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) में निदेशक के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला के निदेशक तथा बाद में सोनीपत स्थित उत्तरी क्षेत्रीय केंद्र के क्षेत्रीय निदेशक के रूप में कार्य करते हुए खेलों के विकास की कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सफलतापूर्वक लागू किया। वर्ष 2024 में वह पेरिस ओलंपिक के दौरान भारतीय आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल का भी हिस्सा रहे।

डॉ. शिवम शर्मा ने अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय से डेंटल सर्जरी में स्नातक की उपाधि प्राप्त की है। उनके प्रशासनिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता और प्रभावी कार्यशैली को देखते हुए उत्तर मध्य रेलवे में उनके नए कार्यकाल से जनसंपर्क व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनने की उम्मीद जताई जा रही है।