न्यू अटेली स्टेशन पर डीएफसीसीआईएल का वृहद वृक्षारोपण अभियान, लगाए गए 1300 पौधे

हरियाणा। पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और डीएफसीसीआईएल के प्रबंध निदेशक प्रवीन कुमार द्वारा दिए गए एक लाख पौधारोपण के लक्ष्य को पूरा करने के उद्देश्य से डीएफसीसीआईएल की जयपुर यूनिट ने न्यू अटेली स्टेशन पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन परिसर में करीब 1300 पौधे लगाए गए।

मुख्य महाप्रबंधक राजेंद्र चौधरी के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का नेतृत्व डॉ. एस.पी. पांडे ने किया। कार्यक्रम में जयपुर यूनिट के विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। जेजीएम मैकेनिकल बलबीर लांबा, परियोजना प्रबंधक (सिग्नल एवं दूरसंचार) देवेश मीणा, परियोजना प्रबंधक (इलेक्ट्रिकल) राजनाथ, परियोजना प्रबंधक (सिविल) अरविंद शिवरायण, एरिया मैनेजर सी.एल. चौधरी, स्टेशन प्रभारी ललित कुमार सहित न्यू अटेली स्टेशन के अधिकारी और कर्मचारी अभियान में शामिल हुए।

वृक्षारोपण अभियान में सर्वोदय विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी तथा हरियाणा वन विभाग के अधिकारियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में करीब 100 लोगों ने सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया। डीएफसीसीआईएल ने कहा कि यह अभियान हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के प्रति उसकी सामाजिक जिम्मेदारी और सतत विकास के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।