यात्रियों को राहत: 7 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि बढ़ी

जयपुर। अतिरिक्त यात्री भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए 7 जोड़ी स्पेशल रेल सेवाओं के संचालन अवधि में विस्तार करने का निर्णय लिया है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर चल रही स्पेशल ट्रेनों का संचालन निर्धारित अवधि से आगे भी जारी रहेगा।

रेलवे के अनुसार रेवाड़ी-रींगस-रेवाड़ी स्पेशल की दो जोड़ी ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। वहीं अजमेर-योगनगरी ऋषिकेश-अजमेर साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन को 22 जुलाई से 30 सितंबर तक 11 अतिरिक्त ट्रिप के लिए बढ़ाया गया है।

इसके अलावा श्रीगंगानगर-समस्तीपुर, कानपुर सेंट्रल-असारवा, प्रयागराज-गांधीग्राम तथा आगरा कैंट-असारवा स्पेशल ट्रेनों की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है। इन ट्रेनों के अतिरिक्त फेरों से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड और गुजरात के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व ट्रेन की समय-सारिणी और परिचालन स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की अपील की है। विस्तारित सेवाओं से त्योहारों और अवकाश के दौरान बढ़ने वाली यात्री भीड़ को नियंत्रित करने में मदद मिलेगी।