लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चला 'रेल वन ऐप' जागरूकता अभियान, यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए किया प्रेरित

लुधियाना रेलवे स्टेशन पर चला 'रेल वन ऐप' जागरूकता अभियान, यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग के लिए किया प्रेरित

लुधियाना। रेल यात्रियों को डिजिटल टिकटिंग की सुविधा से जोड़ने और टिकट खरीदने की प्रक्रिया को आसान बनाने के उद्देश्य से फिरोजपुर मंडल द्वारा सोमवार को लुधियाना रेलवे स्टेशन पर 'रेल वन ऐप' को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान स्टेशन परिसर में बैनर और स्टैंडी लगाकर यात्रियों को रेल वन ऐप के फायदे बताए गए। साथ ही मौके पर मौजूद 100 से अधिक यात्रियों के मोबाइल फोन में ऐप इंस्टॉल कराकर इसका उपयोग करने की जानकारी दी गई।

यात्रियों को बताया गया कि रेल वन ऐप के माध्यम से अनारक्षित टिकट खरीदने पर 3 प्रतिशत की छूट मिलती है। इसके अलावा टिकट काउंटर की लंबी कतारों से बचाव, पूरी तरह ऑनलाइन भुगतान की सुविधा तथा खुले पैसों की समस्या से भी राहत मिलती है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल का लक्ष्य डिजिटल सेवाओं के जरिए यात्रियों को सरल, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा अनुभव उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि रेल वन ऐप यात्रियों के लिए एक डिजिटल साथी के रूप में कार्य कर रहा है, जिससे टिकट खरीदना पहले से अधिक आसान हो गया है।

उन्होंने बताया कि इस ऐप के उपयोग से यात्रियों को समय की बचत, नकदी और छुट्टे पैसों की परेशानी से मुक्ति, ऑनलाइन लेन-देन की सुविधा तथा कागज की खपत कम होने से पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलता है। रेलवे ने अधिक से अधिक यात्रियों से रेल वन ऐप का उपयोग कर डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत बनाने की अपील की।