लुधियाना स्टेशन पर रेलवे का बड़ा एक्शन: ‘फोर्ट्रेस चेक’ में 1238 बेटिकट यात्री पकड़े, ₹5.70 लाख राजस्व वसूला

लुधियाना। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से लुधियाना रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक एवं सेक्शन जांच के तहत विशेष सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। रेलवे की इस बड़ी कार्रवाई से बेटिकट यात्रियों में हड़कंप मच गयाअभियान के दौरान ट्रेन संख्या 12204 गरीब रथ एक्सप्रेस, 15708 आम्रपाली एक्सप्रेस, 12238 बेगमपुरा एक्सप्रेस, 13006 हावड़ा मेल तथा 13308 गंगा-सतलुज एक्सप्रेस में व्यापक जांच की गई। टिकट जांच स्टाफ और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की संयुक्त टीम ने यात्रियों के टिकट, पहचान पत्र और यात्रा नियमों की गहन जांच की।इस विशेष अभियान में कुल 1238 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रियों को पकड़ा गया, जिनसे लगभग ₹5.70 लाख का रेल राजस्व वसूला गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार फोर्ट्रेस चेक एक विशेष अभियान है, जिसमें बिना पूर्व सूचना किसी स्टेशन, ट्रेन या रेलखंड में अचानक सघन जांच की जाती है, ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने यात्रियों से अपील करते हुए कहा कि सभी यात्री वैध टिकट लेकर ही यात्रा करें और रेलवे नियमों का पालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि रेलवे भविष्य में भी ऐसे विशेष जांच अभियान लगातार चलाता रहेगा।रेलवे की इस सख्त लेकिन सकारात्मक कार्रवाई से न केवल राजस्व संरक्षण को मजबूती मिली है, बल्कि ईमानदारी से यात्रा करने वाले यात्रियों में भी विश्वास बढ़ा है। फिरोजपुर मंडल का यह अभियान रेलवे में अनुशासन, पारदर्शिता और बेहतर यात्री व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।