लुधियाना स्टेशन पर रेलवन ऐप के प्रचार में जुटीं खेल हस्तियां, यात्रियों को किया जागरूक

लुधियाना। उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल द्वारा डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ?रेलवन ऐप? के प्रचार-प्रसार हेतु विशेष जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। इस अभियान में पंजाब वॉलीबॉल टीम के खिलाड़ियों तथा भारतीय बास्केटबॉल टीम के कप्तान पलप्रीत सिंह ने सहभागिता कर यात्रियों को डिजिटल सुविधाओं के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान खिलाड़ियों ने यात्रियों को ?रेलवन ऐप? के उपयोग, इसकी प्रमुख विशेषताओं और लाभों की जानकारी दी। साथ ही यात्रियों को अधिकाधिक डिजिटल सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि इस ऐप के माध्यम से टिकट बुकिंग, ट्रेन संबंधी जानकारी, ऑनलाइन भोजन ऑर्डर, शिकायत निवारण सहित कई सेवाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को अलग-अलग ऐप डाउनलोड करने की आवश्यकता नहीं रहती।

कार्यक्रम में यात्रियों को ऐप डाउनलोड करने, पंजीकरण एवं लॉगिन प्रक्रिया का लाइव डेमो भी दिया गया। रेलवे ने जानकारी दी कि ?रेलवन ऐप? के माध्यम से टिकट बुकिंग करने पर यात्रियों को 3 प्रतिशत की छूट भी प्रदान की जा रही है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बसंत कुमार ने बताया कि फिरोजपुर मंडल का उद्देश्य डिजिटल माध्यम से यात्रियों को सरल, सुगम और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ?रेलवन? ऐप रेलयात्रियों के लिए एक डिजिटल साथी के रूप में कार्य करेगा। ऐप के उपयोग से यात्रियों को छुट्टे पैसे रखने की झंझट से मुक्ति, कतारों से राहत, 3 प्रतिशत छूट और पर्यावरण संरक्षण में योगदान जैसे लाभ मिलेंगे।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की कि वे डिजिटल सेवाओं को अपनाकर यात्रा को अधिक सुविधाजनक बनाएं।