फिरोजपुर मंडल के डीजल शेड लुधियाना में तकनीकी आधुनिकीकरण, नई अत्याधुनिक मशीन से बढ़ेगी लोकोमोटिव अनुरक्षण की गुणवत्ता

फिरोजपुर मंडल के डीजल शेड लुधियाना में तकनीकी आधुनिकीकरण, नई अत्याधुनिक मशीन से बढ़ेगी लोकोमोटिव अनुरक्षण की गुणवत्ता

फिरोजपुर। भारतीय रेलवे में तकनीकी उन्नयन और आधुनिक सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में फिरोजपुर मंडल लगातार नए कदम उठा रहा है। इसी क्रम में फिरोजपुर मंडल के डीजल शेड लुधियाना की प्रयोगशाला में हाल ही में अत्याधुनिक ड्रॉप पॉइंट अपरेटस मशीन का सफलतापूर्वक कमीशनिंग किया गया है, जिसे तकनीकी आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

यह आधुनिक मशीन स्नेहक ग्रीस (Lubricating Grease) के अर्ध-ठोस अवस्था से तरल अवस्था में परिवर्तित होने के तापमान का बेहद सटीक परीक्षण करने में सक्षम है। इसके उपयोग से गुणवत्ता नियंत्रण प्रक्रिया और अधिक मजबूत होगी, जिससे लोकोमोटिव के अनुरक्षण कार्यों की विश्वसनीयता, सुरक्षा और कार्यकुशलता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा।

इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने डीजल शेड लुधियाना की टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल रेलवे में तकनीकी उन्नयन और आधुनिक कार्य प्रणाली को अपनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि नई तकनीकों के समावेश से रेलवे सेवाओं की गुणवत्ता और दक्षता लगातार बेहतर हो रही है।

वहीं वरिष्ठ मंडल यांत्रिक अभियंता/डीजल शेड/लुधियाना राहुल भारती ने कर्मचारियों को प्रेरित करते हुए कहा कि आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग कर शेड की कार्यक्षमता, तकनीकी दक्षता और अनुरक्षण गुणवत्ता को और अधिक सशक्त बनाया जाए, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और बेहतर रेल सेवाएं मिलती रहें।

फिरोजपुर मंडल की यह उपलब्धि भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण अभियान को नई गति देने के साथ तकनीकी उत्कृष्टता की मिसाल बन रही है।