रेलवे ट्रैक पार करना बना जानलेवा, मई में 60 लोगों की गई जान

रेलवे ट्रैक पार करना बना जानलेवा, मई में 60 लोगों की गई जान

फिरोजपुर मंडल ने रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत रूप से पार करने को लेकर आम लोगों को गंभीर चेतावनी जारी की है। मंडल प्रशासन ने कहा कि रेलवे सुरक्षा नियमों की अनदेखी लगातार लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। जागरूकता अभियानों के बावजूद लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिसका खामियाजा हादसों के रूप में सामने आ रहा है।

जानकारी के अनुसार केवल मई माह में ही रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत रूप से पार करते समय 60 लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि कई लोग रेलवे लाइन पर चलते हुए, मोबाइल फोन या ईयरफोन का इस्तेमाल करते हुए ट्रैक पार करते हैं, जबकि कुछ लोग चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश करते हैं। ऐसी लापरवाही गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन रही है।

रेलवे ने बताया कि तेज रफ्तार से चलने वाली ट्रेन महज 15 सेकंड में लगभग 500 मीटर की दूरी तय कर लेती है। कई बार लोग ट्रेन की गति का सही अंदाजा नहीं लगा पाते और हादसे का शिकार हो जाते हैं। कुछ सेकंड की जल्दबाजी पूरे परिवार के लिए जिंदगीभर का दर्द बन जाती है।

यात्रियों और आम नागरिकों को जागरूक करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे फाटकों, स्कूल-कॉलेजों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली, जनसंपर्क कार्यक्रम और विशेष अभियानों के जरिए लोगों को सुरक्षा नियमों की जानकारी दी जा रही है।

रेलवे प्रशासन ने अपील की है कि लोग कभी भी रेलवे ट्रैक को अनाधिकृत रूप से पार न करें। रेलवे लाइन पार करने के लिए केवल फुट ओवर ब्रिज, सब-वे या अधिकृत रेलवे क्रॉसिंग का ही इस्तेमाल करें। साथ ही चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने की कोशिश न करें और रेलवे ट्रैक के पास मोबाइल फोन व ईयरफोन के उपयोग से बचें। रेलवे ने कहा कि थोड़ी सी सावधानी आपकी जिंदगी बचा सकती है।