माता वैष्णो देवी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, छह माह में 53 लाख 99 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

माता वैष्णो देवी धाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, छह माह में 53 लाख 99 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

कटड़ा। वैष्णो देवी स्थित विश्व प्रसिद्ध माता वैष्णो देवी धाम में इस वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वर्ष 2026 के पहले छह माह यानी जून तक 53 लाख 99 हजार 58 श्रद्धालु माता के दरबार में हाजिरी लगा चुके हैं। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में काफी अधिक है।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2025 की इसी अवधि में 42 लाख 9 हजार 28 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए थे। इस प्रकार इस वर्ष अब तक 11 लाख 90 हजार 30 अधिक श्रद्धालु भवन पहुंच चुके हैं। इससे साफ है कि इस बार यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह लगातार बढ़ रहा है।

बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी नहीं आई है। वर्तमान में प्रतिदिन 35 से 40 हजार श्रद्धालु माता के दरबार पहुंच रहे हैं। परिवारों और मित्रों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार यात्रा कर रहे हैं।

जून महीने के आंकड़े भी रिकॉर्ड बढ़ोतरी दर्शा रहे हैं। जून 2026 में अकेले 13 लाख 13 हजार 803 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए, जबकि जून 2025 में यह संख्या 9 लाख 26 हजार 263 थी।

आने वाले दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। माना जा रहा है कि अमरनाथ यात्रा शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु वहां से लौटकर माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भी पहुंचेंगे।

मंगलवार रात हुई तेज बारिश के बाद बुधवार को मौसम सुहावना बना रहा। वातावरण में ठंडक रहने से श्रद्धालुओं को गर्मी और उमस से राहत मिली। हालांकि त्रिकूट पर्वत पर घने बादल छाए रहने के कारण कटड़ा से संचालित हेलीकॉप्टर सेवा बंद रही।

इसके बावजूद श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैटरी चालित वाहन सेवा, केबल कार सेवा, घोड़ा सेवा, पिट्ठू सेवा और पालकी सेवा सामान्य रूप से चलती रहीं। यात्रा मार्ग पूरी तरह सुचारु बना हुआ है और श्रद्धालु लगातार भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस,केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तथा आपदा प्रबंधन दल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया है। श्रद्धालुओं को लगातार सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

बुधवार दोपहर तक करीब 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे और यात्रियों का आगमन लगातार जारी था।

वर्ष 2026 के मासिक आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी में 6 लाख 96 हजार 914, फरवरी में 4 लाख 45 हजार 178, मार्च में 9 लाख 36 हजार 46, अप्रैल में 9 लाख 14 हजार 341, मई में 10 लाख 92 हजार 776 और जून में 13 लाख 13 हजार 803 श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। लगातार बढ़ती यह संख्या इस बात का संकेत है कि इस वर्ष माता वैष्णो देवी यात्रा नया रिकॉर्ड बना सकती है।