जम्मू मंडल की तत्परता से यात्री को मिला खोया बैग, रेलवे सेवा की यात्री ने की सराहना

जम्मू मंडल की तत्परता से यात्री को मिला खोया बैग, रेलवे सेवा की यात्री ने की सराहना

भारतीय रेलवे की संवेदनशीलता, तत्परता और यात्री सेवा का एक बेहद सकारात्मक उदाहरण जम्मू मंडल में देखने को मिला। जम्मू-कश्मीर घूमने आए एक यात्री ने श्रीनगर से वंदे भारत एक्सप्रेस में यात्रा की और 29 जून को जम्मू तवी रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद उनका बैग स्टेशन पर कहीं गुम हो गया।

यात्री के बैग में लैपटॉप, नकदी और कुछ अत्यंत महत्वपूर्ण दस्तावेज रखे हुए थे। बैग गुम होने के बाद यात्री ने पप्पू राठी नाम के ट्विटर हैंडल के माध्यम से रेलवे प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही जम्मू मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई शुरू करवाई और स्टेशन पर बैग की तलाश के निर्देश दिए।

रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही समय में बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया। इसके बाद यात्री को तुरंत सूचना दी गई और जब बैग उन्हें वापस सौंपा गया तो उसमें रखा पूरा सामान - लैपटॉप, नकदी और सभी जरूरी दस्तावेज - पूरी तरह सुरक्षित मिले।

इस सराहनीय कार्य के बाद यात्री ने सोशल मीडिया पर जम्मू मंडल के जनसंपर्क निरीक्षक राघवेंद्र सिंह और रेलवे प्रशासन का दिल से आभार व्यक्त किया। यात्री ने लिखा कि रेलवे प्रशासन ने उनकी बहुत मदद की और पूरी तत्परता के साथ उनका कीमती सामान सुरक्षित वापस दिलाया। साथ ही उन्होंने राघवेंद्र सिंह को विशेष रूप से बधाई देते हुए रेलवे की सेवा भावना की खुलकर प्रशंसा की।

यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि भारतीय रेलवे यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है। रेलवे की यही सेवा भावना यात्रियों के भरोसे को लगातार मजबूत बना रही है।