‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ, 3 जुलाई से शुरू होगी पवित्र यात्रा

हर-हर महादेव के जयघोष के बीच अमरनाथ यात्रा का शुभारंभ, 3 जुलाई से शुरू होगी पवित्र यात्रा

पवित्र अमरनाथ गुफा में सोमवार को विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ प्रथम पूजा संपन्न हुई। जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बाबा बर्फानी की पूजा-अर्चना कर वार्षिक अमरनाथ यात्रा का औपचारिक शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और कल्याण की कामना की।

उपराज्यपाल ने बताया कि 3 जुलाई से शुरू होने वाली अमरनाथ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन, श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड, सेना, पुलिस, सुरक्षाबल, स्थानीय नागरिक, सेवा प्रदाता और स्वयंसेवक पूरी तैयारी के साथ जुटे हुए हैं। सभी का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और यादगार यात्रा का अनुभव कराना है।

इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कई बड़े सुधार किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर आधारभूत ढांचे को मजबूत किया गया है और जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। बाबा अमरनाथ के भक्तों के स्वागत के लिए हर स्तर पर विशेष व्यवस्था की गई है।

समुद्र तल से 3888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित बाबा अमरेश्वर धाम की यात्रा इस वर्ष 3 जुलाई से शुरू होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है। अब तक 3 लाख 50 हजार से अधिक श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास में पहले जत्थे के रवाना होने से पहले विशेष पूजन किया जाएगा। यहां श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए वातानुकूलित और सामान्य दोनों प्रकार के हॉल की व्यवस्था की गई है।

इस बार यात्रा में दुर्घटना बीमा कवर को दोगुना करते हुए 5 लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख रुपये कर दिया गया है। सभी यात्रियों और सेवा प्रदाताओं के लिए सुरक्षा के लिहाज से आरएफआईडी कार्ड अनिवार्य किए गए हैं, जिससे यात्रा के दौरान उनकी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

श्रद्धालुओं के आध्यात्मिक अनुभव को और भव्य बनाने के लिए इस बार जम्मू और श्रीनगर के चुनिंदा स्थानों पर विशेष लेजर और साउंड शो का आयोजन भी किया जाएगा।

बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर देशभर के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह है और एक बार फिर आस्था का यह महापर्व पूरे देश को भक्ति के रंग में रंगने जा रहा है।