जम्मू मंडल में टिकट चेकिंग अभियान से रेलवे को 75 लाख रुपये से अधिक का राजस्व

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने बिना टिकट और अनियमित यात्रा पर रोक लगाने के लिए जून 2026 के दौरान विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस अभियान के तहत रेलवे को 75.43 लाख रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार 1 जून से 30 जून 2026 के बीच चलाए गए सघन जांच अभियान में कुल 12,314 मामले पकड़े गए। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्री, अनियमित टिकट, बिना बुक कराए सामान ले जाने वाले यात्री तथा रेलवे अधिनियम के अन्य उल्लंघन शामिल रहे। इन सभी मामलों से जुर्माने के रूप में यह राशि वसूल की गई।

यह अभियान वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के नेतृत्व में चलाया गया। उन्होंने कहा कि टिकट चेकिंग का उद्देश्य केवल जुर्माना वसूलना नहीं बल्कि यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने के लिए जागरूक करना भी है। बिना टिकट यात्रा से रेलवे को राजस्व हानि होती है और अन्य यात्रियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि जम्मू मंडल का चेकिंग स्टाफ ट्रेनों और स्टेशनों पर लगातार निगरानी रख रहा है ताकि सभी यात्री नियमों के तहत यात्रा करें।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले टिकट अवश्य लें और बिना टिकट यात्रा करने से बचें। रेलवे ने कहा कि यूटीएस ऐप, एटीवीएम मशीन और ऑनलाइन माध्यमों से टिकट आसानी से उपलब्ध हैं और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।