रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: जुलाई में 17 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 40 अतिरिक्त कोच, सफर होगा ज्यादा आरामदायक

रेल यात्रियों के लिए बड़ी राहत: जुलाई में 17 जोड़ी ट्रेनों में लगेंगे 40 अतिरिक्त कोच, सफर होगा ज्यादा आरामदायक

जोधपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जुलाई माह के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। ट्रेनों में लगातार बढ़ रही यात्रियों की संख्या और लंबी दूरी की यात्रा में बढ़ते दबाव को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक 17 जोड़ी ट्रेनों में कुल 40 अतिरिक्त कोच लगाने की घोषणा की है। इससे हजारों यात्रियों को सीधी राहत मिलने की उम्मीद है।

जोधपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठीअनुसार इन अतिरिक्त डिब्बों में एसी, शयनयान (स्लीपर) और सामान्य श्रेणी के कोच शामिल हैं। इस फैसले से ट्रेनों में सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी पहले से अधिक हो जाएगी।

रेलवे द्वारा जिन प्रमुख ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे, उनमें जयपुर-जोधपुर इंटरसिटी सुपरफास्ट, जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस, मरुधर एक्सप्रेस, जोधपुर-दादर एक्सप्रेस, भगत की कोठी-दादर सुपरफास्ट, जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट, राजस्थान संपर्क क्रांति सुपरफास्ट, बीकानेर-कोलकाता प्रताप एक्सप्रेस और मंडोर सुपरफास्ट जैसी कई महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।

इस व्यवस्था के तहत यात्रियों को अधिक सीटें उपलब्ध होंगी, भीड़भाड़ में कमी आएगी और जुलाई माह में सफर करने वाले लोगों को ज्यादा आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा। खासकर छुट्टियों और त्योहारों के दौरान लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

रेलवे प्रशासन ने कहा है कि यात्रियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी जरूरत के अनुसार ऐसी व्यवस्थाएं जारी रखी जाएंगी। यह कदम भारतीय रेलवे की बेहतर सेवा और यात्री सुविधाओं को लगातार मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।