अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मारवाड़ भीनमाल रेलवे स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, 18.18 करोड़ रुपये से हो रहा आधुनिक विकास कार्य

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मारवाड़ भीनमाल रेलवे स्टेशन का बदलेगा स्वरूप, 18.18 करोड़ रुपये से हो रहा आधुनिक विकास कार्य

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल अंतर्गत मारवाड़ भीनमाल रेलवे स्टेशन पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बड़े स्तर पर विकास और आधुनिकीकरण कार्य तेज़ी से जारी हैं। करीब 18 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को भविष्य में आधुनिक, सुरक्षित और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मंडल रेल प्रबंधक श्री अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को उन्नत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। स्टेशन भवन के भीतर प्रतीक्षालय, टिकट बुकिंग कार्यालय, विशिष्ट अतिथि कक्ष, स्टेशन पर्यवेक्षक कक्ष, पार्सल कार्यालय और शौचालयों में रंगाई-पुताई और अंतिम साज-सज्जा का कार्य प्रगति पर है। इसके साथ ही छात्रावास कक्ष, शौचालय, स्टेशन भवन तथा प्रवेश द्वार संख्या एक और दो पर पत्थर सज्जा का कार्य भी जारी है।

वर्तमान में स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार, रेलवे सुरक्षा बल बैरक, दिव्यांगजन शौचालय, पेयजल केंद्र, प्लेटफार्म की दीवारों की रंगाई, विद्युत पैनल कक्ष का अंतिम कार्य, दिव्यांगजन शौचालय को अंतिम रूप देने तथा पुराने टिकट बुकिंग कार्यालय को हटाने का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन भवन के कई प्रमुख निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं। इनमें प्रवेश और निकास हॉल, नया टिकट बुकिंग कार्यालय, प्रतीक्षालय, विशिष्ट अतिथि कक्ष, छात्रावास, ट्रेन निरीक्षक कक्ष, स्टेशन पर्यवेक्षक कक्ष और शौचालय ब्लॉक का निर्माण शामिल है। इसके अलावा पुराने स्टेशन भवन पर पत्थर सज्जा, रंगाई-पुताई तथा प्लेटफार्म की सतह सुधार का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत यहां कई नई सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इनमें सुंदर सर्कुलेटिंग एरिया का विकास, अलग प्रवेश और निकास द्वार, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों के लिए अलग पार्किंग, यात्रियों को चढ़ाने-उतारने के लिए बरामदे की व्यवस्था, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग प्रतीक्षालय, नया विशिष्ट अतिथि कक्ष, स्टेशन अधीक्षक कक्ष, स्टेशन भवन के आंतरिक भाग का सुधार और 12 मीटर चौड़े ऊपरी पैदल पुल का निर्माण शामिल है।

इसके अलावा नए प्लेटफार्म शेड, दिव्यांगजनों के लिए विशेष सुविधाओं वाले नए शौचालय, पेयजल केंद्र, बेहतर संकेतक बोर्ड, कोच प्रदर्शन बोर्ड, स्टेशन पर आकर्षक होर्डिंग और आधुनिक बैठने की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इन सभी विकास कार्यों के पूरा होने के बाद मारवाड़ भीनमाल रेलवे स्टेशन यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त नया अनुभव देगा और क्षेत्र के रेल यात्रियों को पहले से कहीं अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध हो सकेगी।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत हो रहा यह विकास कार्य मारवाड़ भीनमाल स्टेशन को आधुनिक रेलवे स्टेशनों की श्रेणी में शामिल करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।