यात्रियों की सुविधा के लिए चलेगी जैसलमेर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन, जयपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव

यात्रियों की सुविधा के लिए चलेगी जैसलमेर-हावड़ा स्पेशल ट्रेन, जयपुर सहित कई स्टेशनों पर ठहराव

जयपुर। यात्रियों की बढ़ती संख्या और अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए जैसलमेर से हावड़ा तक एक तरफा विशेष रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। इस विशेष ट्रेन के संचालन से राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार गाड़ी संख्या 04803, जैसलमेर-हावड़ा एक तरफा स्पेशल रेलसेवा का संचालन 27 जून 2026 को किया जाएगा। यह विशेष ट्रेन जैसलमेर से सुबह 8:15 बजे रवाना होगी तथा जयपुर स्टेशन पर शाम 7:15 बजे पहुंचेगी और 7:25 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद यह ट्रेन तीसरे दिन सुबह 6:30 बजे हावड़ा स्टेशन पहुंचेगी।

यह विशेष रेलसेवा मार्ग में रामदेवरा, फलौदी, जोधपुर, मेडता रोड, डेगाना, मकराना, फुलेरा, जयपुर, भरतपुर, ईदगाह, टूंडला, इटावा, गोविंदपुरी, सूबेदारगंज, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, डेहरी ऑन सोन, अनुग्रह नारायण रोड, गया, कोडरमा, पारसनाथ, धनबाद, आसनसोल, दुर्गापुर, वर्धमान और बैण्डेल सहित कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

रेलवे द्वारा यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष ट्रेन में 8 द्वितीय शयनयान कोच, 6 साधारण श्रेणी के डिब्बे तथा 2 गार्ड डिब्बे लगाए जाएंगे।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि इस विशेष रेलसेवा के संचालन से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी और यात्रा अधिक सुगम व आरामदायक हो सकेगी।