उत्तर पश्चिम रेलवे में विकास को नई गति, महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर कार्यशाला में आधुनिक परियोजनाओं का किया लोकार्पण

उत्तर पश्चिम रेलवे में विकास को नई गति, महाप्रबंधक अमिताभ ने जोधपुर कार्यशाला में आधुनिक परियोजनाओं का किया लोकार्पण

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे लगातार आधुनिकीकरण और तकनीकी विकास की दिशा में नए आयाम स्थापित कर रहा है। इसी क्रम में उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ ने शनिवार को जोधपुर रेल कार्यशाला का दौरा कर कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने नवनिर्मित हेरिटेज रूम, 80 टन क्षमता के अत्याधुनिक ट्रेवरसर और आधुनिक आर.ओ. प्लांट का उद्घाटन किया।

महाप्रबंधक के जोधपुर कार्यशाला पहुंचने पर प्रशासनिक कार्यालय में पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार उनका भव्य स्वागत किया गया। मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीना ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए महाप्रबंधक सहित जयपुर प्रधान कार्यालय से आए मुख्य कारखाना इंजीनियर इंद्रजीत दिहाना और मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी को पॉट प्लांट भेंट कर आत्मीय अभिनंदन किया।

दौरे के दौरान महाप्रबंधक ने कार्यशाला में स्थापित ऐतिहासिक धरोहर कक्ष (हेरिटेज रूम) का अवलोकन किया और आधुनिक तकनीक से लैस 80 टन क्षमता के ट्रेवरसर तथा कर्मचारियों की सुविधा के लिए स्थापित आर.ओ. प्लांट का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि रेलवे में आधुनिक तकनीक और संसाधनों के विकास से कार्यकुशलता, संरक्षा और गुणवत्ता में लगातार वृद्धि होगी, जिससे सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के समापन पर बीटीसी सभागार में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक अमिताभ ने अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण, उत्कृष्ट कार्य निष्पादन तथा जोधपुर कार्यशाला द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी गुणवत्ता, नवाचार और संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इसी तरह उत्कृष्ट कार्य जारी रखने होंगे।

इस अवसर पर डॉ. सुनीता चौधरी (उप मुख्य कार्मिक अधिकारी), विनोद मीणा (उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर), राजेंद्र प्रसाद मीना (उप मुख्य विद्युत इंजीनियर), रवि कुमार (उप मुख्य भंडार प्रबंधक), धनराज (सहायक कार्य प्रबंधक) सहित कार्यशाला के अनेक अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में मुख्य कारखाना प्रबंधक रवि मीना ने महाप्रबंधक एवं उनके साथ आए अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। दौरे के समापन पर कार्यशाला के मुख्य द्वार तक पुष्प वर्षा के साथ महाप्रबंधक को गरिमामयी विदाई दी गई। यह दौरा उत्तर पश्चिम रेलवे में विकास, आधुनिकीकरण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को नई मजबूती देने वाला महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।