जोधपुर मंडल में हिंदी का दमदार प्रदर्शन, राजभाषा प्रतियोगिताओं में 45 रेलकर्मियों ने दिखाया हुनर

जोधपुर मंडल में हिंदी का दमदार प्रदर्शन, राजभाषा प्रतियोगिताओं में 45 रेलकर्मियों ने दिखाया हुनर

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और कार्यालयों में हिंदी के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में विभिन्न राजभाषा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान हिंदी निबंध प्रतियोगिता, हिंदी टिप्पण एवं प्रारूप लेखन प्रतियोगिता और हिंदी वाक् (भाषण) प्रतियोगिता आयोजित की गईं, जिनमें रेल कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

यह आयोजन मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव के संरक्षण में संपन्न हुआ। प्रतियोगिता के सफल संचालन में राजभाषा अधिकारी हरिकेश मीणा और भँवर सिंह मीणा ने समन्वयक के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यालयों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में मंडल के विभिन्न विभागों से कुल 45 रेल कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने लेखन कौशल, अभिव्यक्ति क्षमता और वक्तृत्व कला का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए हिंदी भाषा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।

प्रतियोगिताओं के माध्यम से कर्मचारियों में राजभाषा हिंदी के प्रति जागरूकता और रुचि को और मजबूत करने का प्रयास किया गया। आयोजन के दौरान प्रतिभागियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और सभी प्रतियोगिताएं सौहार्दपूर्ण एवं प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।